Saraipali

रामचंडी दिवस में शामिल होंगे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, कोलता समाज के आमंत्रण को दी सहमति

आयुष साहू 9926141516

24 अक्टूबर को गढ़ फुलझर में होगा भव्य आयोजन, छत्तीसगढ़ और ओडिशा से जुटेंगे समाज के लोग

सरायपाली। आगामी 24 अक्टूबर को ऐतिहासिक गढ़ फुलझर में आयोजित होने वाले रामचंडी दिवस समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। इस संबंध में कोलता समाज के प्रतिनिधिमंडल ने बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के साथ मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें समारोह में शामिल होने का न्योता दिया। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, मुख्यमंत्री ने आमंत्रण सहर्ष स्वीकार करते हुए समारोह में शामिल होने की सहमति प्रदान की है।

कोलता समाज के संरक्षक हरिचरण प्रधान ने बताया कि सरायपाली, बसना और पिथौरा क्षेत्र में बड़ी संख्या में कोलता समाज के लोग निवासरत हैं। समाज की आराध्य देवी मां रामचंडी ऐतिहासिक फुलझर राज्य के गढ़ के शिखर पर विराजमान हैं। उनके प्रति श्रद्धा और आस्था के प्रतीक के रूप में प्रतिवर्ष आश्विन मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी को रामचंडी दिवस धूमधाम से मनाया जाता है।

इस अवसर पर भव्य सामाजिक एवं धार्मिक समारोह आयोजित किया जाता है। शारदीय नवरात्रि के बाद मां रामचंडी की विशेष पूजा-अर्चना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होता है। इसमें छत्तीसगढ़ सहित ओडिशा के विभिन्न क्षेत्रों से कोलता समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल होते हैं। मनोकामना लेकर दूर-दराज से श्रद्धालु भी मां के दरबार में पहुंचकर माथा टेकते हैं। आयोजन के दौरान महाभंडारे का भी आयोजन किया जाता है।

छत्तीसगढ़ और ओडिशा की संस्कृति का संगम है फुलझर

फुलझर अंचल अपनी विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान के लिए जाना जाता है। यह क्षेत्र छत्तीसगढ़ी और ओड़िया संस्कृति के संगम का प्रतीक है, जहां दोनों संस्कृतियों की परंपराओं और लोकजीवन की झलक देखने को मिलती है। रामचंडी दिवस का आयोजन धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने का भी महत्वपूर्ण अवसर है।

बाबा बिशासहे कुल कोलता समाज के संभागीय अध्यक्ष गिरधारी साहू ने बताया कि पिछले वर्ष भी रामचंडी दिवस पर मुख्यमंत्री के आगमन की संभावना थी, लेकिन प्रतिकूल मौसम के कारण वे कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके थे। इस वर्ष प्रतिनिधिमंडल को मुख्यमंत्री की ओर से समारोह में शामिल होने की सहमति मिलने से समाज में उत्साह है।

मुख्यमंत्री को आमंत्रित करने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में बाबा बिशासहे कुल कोलता समाज के संभागीय अध्यक्ष गिरधारी साहू, संरक्षक हरिचरण प्रधान एवं व्यासदेव भोई, उपाध्यक्ष चित्रसेन प्रधान, सचिव मोहनलाल साहू, सदस्य सुवर्धन प्रधान, बसना आंचलिक सभा अध्यक्ष भोजराज प्रधान तथा गिधली सभापति संजय भोई शामिल थे।

उक्त जानकारी समाज के मीडिया प्रभारी कमलेश साहू ने दी।

प्रखर मीडिया

सरायपाली, मह्समुन्द

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button