18 किलो गांजा के साथ दो अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, 11.15 लाख की संपत्ति जब्त
आयुष साहू 9926141516

महासमुंद। महासमुंद पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 18 किलो अवैध गांजा के साथ दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, दो स्कूटी और दो मोबाइल फोन सहित कुल 11 लाख 15 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति दो स्कूटी में गांजा लेकर ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रहे हैं।
सूचना के आधार पर सिंघोड़ा पुलिस ने अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट एनएच-53 रेहटीखोल में विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने एक स्कूटी चालक को रोककर पूछताछ की। उसने अपना नाम दीपक कुमार साहनी (31 वर्ष), निवासी गोपालगंज, बिहार बताया।
पूछताछ में दीपक ने पुलिस को बताया कि उसके पीछे एक अन्य स्कूटी आ रही है, जिसमें गांजा रखा हुआ है। वह ओडिशा से छत्तीसगढ़ सीमा तक दूसरी स्कूटी को पायलटिंग करते हुए पहुंचाने आया था।
कुछ समय बाद पुलिस ने दूसरी टीवीएस जुपीटर स्कूटी को रोककर चालक से पूछताछ की। उसने अपना नाम विशाल शाह (23 वर्ष), निवासी पश्चिम चंपारण, बिहार बताया। तलाशी के दौरान स्कूटी में रखे प्लास्टिक बैग और डिक्की से टेप से पैक किए गए तीन पैकेटों में कुल 18 किलो गांजा बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ओडिशा से गांजा खरीदकर उसे बिक्री के लिए पंजाब ले जाने की योजना बना रहे थे। बरामद गांजा की कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपियों से 18 किलो गांजा के अलावा दो मोबाइल फोन कीमत 15 हजार रुपये तथा दो टीवीएस जुपीटर स्कूटी कीमत 2 लाख रुपये जब्त की है। कुल जब्त संपत्ति की कीमत 11 लाख 15 हजार रुपये आंकी गई है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ सिंघोड़ा थाना में अपराध क्रमांक 102/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)ii(B) एवं 29(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।



