शासकीय प्राथमिक शाला सिरशोभा में विद्यार्थियों को निःशुल्क गणवेश वितरित
आयुष साहू 9926141516

सरायपाली। शासकीय प्राथमिक शाला सिरशोभा में विद्यार्थियों के लिए गणवेश वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत दमोदरहा की सरपंच श्रीमती तारा बाई चौहान एवं संस्था प्रमुख (प्रधान पाठक) दुर्वादल दीप विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने विद्यार्थियों को शासन की योजना के तहत निःशुल्क शाला गणवेश वितरित किए। नए गणवेश प्राप्त कर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर सरपंच श्रीमती तारा बाई चौहान ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर अध्ययन करने तथा अनुशासन का पालन करने के लिए प्रेरित किया। वहीं संस्था प्रमुख दुर्वादल दीप ने कहा कि शासन की गणवेश योजना से विद्यार्थियों में समानता की भावना विकसित होती है और शिक्षा के प्रति उनका उत्साह बढ़ता है।
कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना एवं शुभकामनाओं के साथ किया गया। विद्यालय परिवार ने शासन की इस जनहितकारी योजना के लिए आभार व्यक्त किया।



