वृक्ष लगाओ ,वृक्ष बचाओ एवं “एक पेड़ मां के नाम “थीम पर पर्यावरण संरक्षण की अनूठी पहल
आयुष साहू 9926141516

सरायपाली पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने की अनूठी पहल करते हुए संकर्षण पटेल (सेवानिवृत्ति व्याख्याता) ने सरायपाली विकास खंड के सभी शासकीय विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में पौधारोपण का अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया।
ज्ञान के साथ साथ चरित्र निर्माण कर समाज व राष्ट्र के भविष्य को बेहतर बनाने वाले गुरुजनों का पावन दिवस” गुरु पूर्णिमा *के शुभ अवसर पर संकर्षण पटेल ने महाविद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर संध्या भोई, इको क्लब प्रभारी हेमलता पटेल एवं महाविद्यालय परिवार को अशोक, कदम्ब, आंवला, शीशम एवं पुत्र जीवक दुर्लभ औषधीय पादप निशुल्क प्रदान किये।
महाविद्यालय के औषधि उद्यान में महाविद्यालय स्टाफ के साथ संकर्षण पटेल ने पौधारोपण भी किया। लगातार हो रही पेड़ पौधों की कटाई के कारण दुर्लभ औषधि वनस्पतियां तेजी से विलुप्त होती जा रही हैं, ऐसे समय में संकर्षण पटेल का यह अभियान इन प्रजातियों को बचाने की दिशा में सार्थक पहल माना जा सकता है। उनका यह प्रयास न केवल पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से महत्वपूर्ण है बल्कि आने वाली युवा पीढ़ी के लिए भी प्रेरणा बन रहा है। एक पेड़ के नाम से अभियान की शुरुआत 7 जुलाई 2026 को उनके पैतृक ग्राम चंडीभौना स्थित विद्यालय से प्रारंभ हुई थी।
मात्र 18 दिनों में विकासखंड के 38 संकुलों के अंतर्गत आने वाले 372 शासकीय विद्यालयों एवं दो शासकीय महाविद्यालयों तक निशुल्क पौधे पहुंचाकर एक नया उदाहरण प्रस्तुत किया गया।
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अनूठी पहल के लिए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर संध्या भोई, इको क्लब प्रभारी हेमलता पटेल, आईक्युएसी प्रभारी शब्या पटेल, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बधाई एवं शुभकामनाएँ संदेश प्रेषित की हैं।



