Saraipali

सरायपाली क्षेत्र के 7 कृषि केन्द्रों पर कार्रवाई, अनियमितता मिलने पर नोटिस जारी

आयुष साहू 9926141516

सरायपाली। कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार कृषि विभाग द्वारा जिले में कीटनाशक विक्रय एवं भंडारण व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में उप संचालक कृषि श्री फागूराम कश्यप के नेतृत्व में जिला स्तरीय निरीक्षण दल ने 24 एवं 25 अगस्त को सरायपाली विकासखंड के विभिन्न कीटनाशी विक्रय केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जे.एम.आर. कृषि केन्द्र मुड़पहार, पुष्पा कृषि सेवा केन्द्र अर्जुण्डा, कृष्णा कृषि सेवा केन्द्र तोरेसिंहा, नरेश कृषि सेवा केन्द्र सागरपाली, पटेल कृषि सेवा केन्द्र सागरपाली, अंकित कृषि पेस्टीसाइड्स मुरमुरी एवं ओम एग्रो बलौदा में अनियमितताएं पाई गईं।

इन प्रतिष्ठानों में स्टॉक रजिस्टर का संधारण नहीं करने, मूल्य सूची प्रदर्शित नहीं करने तथा किसानों को निर्धारित प्रोफार्मा में बिल उपलब्ध नहीं कराने जैसी कमियां मिलीं। मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित फर्मों को कीटनाशी अधिनियम, 1968 के तहत कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। सभी संबंधितों को पांच दिवस के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित अवधि में जवाब नहीं देने अथवा जवाब संतोषप्रद नहीं पाए जाने पर संबंधित कृषि केन्द्रों के कीटनाशी लाइसेंस के निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।

उप संचालक कृषि श्री कश्यप ने कहा कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान उपलब्ध कराने और कीटनाशकों के विक्रय में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए विभाग द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने कृषि आदान विक्रेताओं को नियमानुसार स्टॉक रजिस्टर संधारित करने, मूल्य सूची प्रदर्शित करने तथा किसानों को निर्धारित प्रारूप में बिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण दल में सहायक संचालक कृषि डॉ. परमजीत सिंह कंवर, अनुविभागीय कृषि अधिकारी सरायपाली विवेक पटेल, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी सरायपाली एल.के. चौहान, कृषि विकास अधिकारी मनोज पटेल एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी भीमेश्वर साहू उपस्थित रहे।

 

 

प्रखर मीडिया

सरायपाली, मह्समुन्द

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button