
सेवा और सम्मान की भावना के साथ मनाया गया राष्ट्रीय ड्राइवर दिवस
सरायपाली, 1 सितंबर 2026। राष्ट्रीय ड्राइवर दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंघ, सरायपाली जिला महासमुंद द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान सरायपाली क्षेत्र के ड्राइवर महासंघ के सदस्यों ने सेवा एवं सम्मान की भावना के साथ ड्राइवर दिवस मनाते हुए चालक साथियों के बीच प्रसाद का वितरण किया।
कार्यक्रम का आयोजन प्रदेश अध्यक्ष पूनम छत्रे के निर्देशानुसार एवं जिला अध्यक्ष शेख अजीम के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर ड्राइवरों की महत्वपूर्ण भूमिका और उनके योगदान को रेखांकित करते हुए संगठन की एकजुटता तथा सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष विजय कार्तिक, ब्लॉक अध्यक्ष रमेश सतपथी, ब्लॉक उपाध्यक्ष कृष्णा नायक एवं कोषाध्यक्ष विजय यादव सहित सरायपाली ड्राइवर महासंघ के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
इस दौरान सभी सदस्यों ने एक-दूसरे को राष्ट्रीय ड्राइवर दिवस की शुभकामनाएं दीं और ड्राइवर समाज की एकता, अधिकारों एवं सम्मान के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
ड्राइवर महासंघ के सदस्यों ने कहा कि देश की परिवहन व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने में ड्राइवरों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। दिन-रात सड़कों पर रहकर अपनी सेवाएं देने वाले चालक देश की अर्थव्यवस्था और जनजीवन को गति देने में अहम योगदान देते हैं। ऐसे कर्मठ ड्राइवरों के योगदान का सम्मान करना ही राष्ट्रीय ड्राइवर दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य है।



