स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे बीआरसी देवानंद नायक, किया औचक निरीक्षण
आयुष साहू 9926141516

शिक्षकों की उपस्थिति, पाठ्यक्रम की प्रगति और मध्यान्ह भोजन व्यवस्था का लिया जायजा
सरायपाली। विकासखंड स्त्रोत केंद्र समन्वयक (बीआरसी) देवानंद नायक एवं संकुल समन्वयक अरुण विशाल ने क्षेत्र के शासकीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक गतिविधियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने शासकीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक शाला खोखेपुर तथा शासकीय प्राथमिक शाला जामपाली का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति, डेली डायरी का संधारण, पाठ्यक्रम की प्रगति, मध्यान्ह भोजन व्यवस्था तथा विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। साथ ही कक्षाओं में संचालित शिक्षण-अधिगम गतिविधियों का अवलोकन कर विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति पर भी ध्यान दिया।
अधिकारियों ने शिक्षकों को निर्देशित किया कि वे निर्धारित समय-सारणी के अनुसार पाठ्यक्रम पूर्ण करें तथा नियमित रूप से डेली डायरी का संधारण सुनिश्चित करें। उन्होंने विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने और शिक्षण कार्य को अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, शैक्षणिक गतिविधियों के सुव्यवस्थित संचालन तथा शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने शिक्षकों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रेरित किया।



