
महासमुंद पुलिस ने 23.5 किलो गांजा, कार और चार मोबाइल समेत 19.95 लाख रुपये की संपत्ति की जब्त
ओडिशा के बौध जिले से रायपुर ले जा रहे थे गांजा, सिंघोड़ा पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त कार्रवाई
महासमुंद। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में ओडिशा के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 23.500 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत 11 लाख 75 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार और चार मोबाइल फोन सहित कुल 19 लाख 95 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने और तस्करी के स्रोत, गंतव्य तथा आर्थिक नेटवर्क की जांच के लिए जिले में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा की ओर से एक किया कैरेंस कार क्रमांक OD 02 CT 3301 में गांजा लेकर छत्तीसगढ़ की ओर आ रहा है।
सूचना के आधार पर एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और सिंघोड़ा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-53 स्थित अंतरराज्यीय चेकपोस्ट पर नाकाबंदी की। कुछ देर बाद संदिग्ध कार पहुंची, जिसे पुलिस ने रोककर तलाशी ली।
कार में चार व्यक्ति सवार थे। पूछताछ के दौरान उनके जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की। इस दौरान आरोपियों ने कार की पिछली सीट पर रखी सफेद बोरियों में गांजा होने की जानकारी दी। तलाशी में कुल 23.500 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा के बौध जिले से लाकर रायपुर ले जाने की बात बताई।
ओडिशा के चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें स्वागत महाकुल (26), निवासी डिमरीपाली, थाना बाउसुनी; केशव गाई गौउरिया (32), निवासी डिगी, थाना मनोमुण्डा; मनतोष पौड (28), निवासी सोभापावली, थाना मनोमुण्डा और रविन्द्र बस्तिया (26), निवासी गोपालपुर, थाना मनोमुण्डा, जिला बौध (ओडिशा) शामिल हैं।
19.95 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 23.500 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत 11,75,000 रुपये है, तस्करी में प्रयुक्त किया कैरेंस कार, जिसकी कीमत 8,00,000 रुपये बताई गई है, तथा चार मोबाइल फोन, जिनकी कीमत 20,500 रुपये है, जब्त किए हैं। इस तरह कुल जब्त संपत्ति का मूल्य 19,95,500 रुपये है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना सिंघोड़ा में अपराध क्रमांक 124/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(II)(बी) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। गांजा तस्करी के नेटवर्क, इसके स्रोत और गंतव्य से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने के लिए पुलिस की जांच जारी है।



