
सावन महोत्सव में पार्थिव शिवलिंग निर्माण, रुद्राभिषेक और विविध प्रतियोगिताओं में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
बसना। सावन मास की पावन बेला में बसना स्थित गायत्री माता मंदिर परिसर में सावन महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन किया गया। अघरिया समाज की महिलाओं के विशेष सहयोग और सहभागिता से आयोजित इस कार्यक्रम में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताएं भी हुईं।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं रुद्राभिषेक रहा। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान एवं पूर्ण श्रद्धा के साथ पार्थिव शिवलिंग का निर्माण कर भगवान भोलेनाथ का पूजन-अर्चन किया। वैदिक मंत्रोच्चार और भक्ति गीतों से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम में महासमुंद सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। अध्यक्षता अखिल भारतीय अघरिया समाज की अध्यक्ष श्रीमती उषा पटेल ने की। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोगरा पटेल, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी पटेल तथा आयोजन संयोजक एवं समाज सेविका श्रीमती अनीता चौधरी सहित अन्य अतिथि मंच पर उपस्थित रहे। अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज में एकता, संस्कार और सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं।
रुद्राभिषेक एवं पूजा-अर्चना की जिम्मेदारी अघरिया महिला मंडल की संयोजक श्रीमती अनीता चौधरी के नेतृत्व में संपन्न हुई। रुद्राभिषेक में श्रीमती सीमा एवं श्री वीरेंद्र चौधरी, श्रीमती सुरुज एवं श्री सुशील नायक, श्रीमती अनिता एवं श्री अविनाश पटेल, श्रीमती सुशीला एवं श्री वासुदेव नायक, श्रीमती जमुना एवं श्री कामता पटेल, श्रीमती कमल एवं श्री रोहित दास नायक, श्रीमती मीना एवं श्री अशोक नायक, श्रीमती ललिता एवं श्री शोभाराम पटेल तथा श्रीमती मंजू एवं श्री दिलीप पटेल ने यजमान के रूप में सहभागिता की।
प्रतियोगिताओं में दिखा महिलाओं का उत्साह
सावन महोत्सव के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। सावन क्वीन प्रतियोगिता में श्रीमती ललिता पटेल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं पार्थिव शिवलिंग निर्माण प्रतियोगिता में दीपिका पटेल विजेता रहीं। नृत्य प्रतियोगिता में सुरेंद्री पटेल ने प्रथम स्थान हासिल किया। महिलाओं की प्रस्तुतियों ने सावन के उल्लास, भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं को जीवंत कर दिया।
आयोजन को सफल बनाने में जमुना पटेल, राधिका पटेल, सेतकुमारी पटेल, मालती कश्यप, सरिता पटेल, शोभा चौधरी, प्रेमशीला पटेल तथा कुमारी पटेल सहित अघरिया महिला मंडल की सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम का मंच संचालन मिथिला पटेल ने किया। समापन अवसर पर अघरिया महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती सीमा चौधरी ने सभा समाप्ति की घोषणा की। वहीं सचिव श्रीमती उर्मिला चौधरी ने अतिथियों, पुरोहितों, यजमानों, महिला मंडल की टीम, सहयोगियों एवं उपस्थित श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
सावन महोत्सव ने धार्मिक आस्था के साथ-साथ महिला शक्ति, सामाजिक एकजुटता और संगठन क्षमता का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया। महिलाओं की सक्रिय सहभागिता ने यह संदेश दिया कि वे धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा एवं नेतृत्व क्षमता के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।



