Saraipali

सर्व ब्राह्मण समाज सरायपाली की आवश्यक बैठक सम्पन्न, 2027 में सामूहिक ब्रतोपनयन संस्कार का होगा भव्य आयोजन

आयुष साहू 9926141516

सरायपाली। सर्व ब्राह्मण समाज सरायपाली की आवश्यक बैठक 5 सितंबर को विप्र भवन में समाज के अध्यक्ष श्री सुरेन्द्र सामंतराय की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में सामाजिक गतिविधियों, संगठनात्मक व्यवस्था एवं आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

सर्व ब्राह्मण समाज सरायपाली के सचिव डॉ. पूर्णानंद मिश्र ने बताया कि बैठक में सामूहिक चर्चा के उपरांत जिला उत्कल ब्राह्मण समाज, जिला महासमुंद की विगत बैठक में लिए गए निर्णयों एवं नियमावली का प्रस्तुतीकरण किया गया। इस दौरान नियमावली के 10 प्रमुख नियमों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा उनके कड़ाई से पालन पर सहमति बनी।

बैठक में सामाजिक समस्याओं के निराकरण के लिए गठित जिला कोर कमेटी में सरायपाली से चयनित श्री रामकुमार पाढ़ी के साथ सहयोगी के रूप में श्री अक्षय मिश्रा को नियुक्त करने का निर्णय लिया गया।

12 फरवरी 2027 को होगा सामूहिक ब्रतोपनयन संस्कार

बैठक का सबसे महत्वपूर्ण निर्णय वर्ष 2027 में सामूहिक ब्रतोपनयन संस्कार के आयोजन को लेकर लिया गया। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 12 फरवरी 2027, बसंत पंचमी के अवसर पर सरायपाली के विप्र भवन परिसर में सामूहिक ब्रतोपनयन संस्कार का भव्य आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम के लिए 51 बटुकों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सम्पूर्ण ब्रतोपनयन संस्कार कार्यक्रम के संचालन एवं नेतृत्व की जिम्मेदारी श्री पूर्णानंद मिश्र को सौंपी गई है। उनके नेतृत्व में विभिन्न जिम्मेदारियों का विभाजन कर कार्यक्रम को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया जाएगा।

कार्यक्रम की आर्थिक व्यवस्था के लिए समिति के चार सदस्यों के नाम से पृथक बैंक खाता खोले जाने का भी निर्णय लिया गया है, जिसे संस्कार कार्यक्रम सम्पन्न होने के पश्चात बंद कर दिया जाएगा। सामूहिक ब्रतोपनयन संस्कार में शामिल होने वाले प्रत्येक बटुक के लिए 11 हजार रुपये पंजीयन शुल्क तथा 2100 रुपये आचार्य दक्षिणा के रूप में अग्रिम जमा करने का निर्णय लिया गया। अन्य नियम एवं शर्तों पर अगली बैठक में निर्णय लिया जाएगा।

सभी कार्यक्रम मुख्य बैठक के प्रस्ताव के अधीन होंगे

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सर्व ब्राह्मण समाज सरायपाली के सभी प्रकोष्ठों की बैठकें एवं कार्यक्रम मुख्य बैठक के प्रस्ताव एवं अध्यक्ष तथा कार्यकारिणी के संज्ञान के अधीन होंगे।

सदस्यता अभियान को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। इस संबंध में शीघ्र ही अध्यक्ष द्वारा कार्ययोजना तैयार किए जाने की बात कही गई। वहीं नुआखाई मिलन समारोह के आयोजन पर चर्चा तो हुई, लेकिन अंतिम निर्णय फिलहाल लंबित रखा गया।

बैठक में विप्र भवन के उत्थान और विकास को लेकर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इस संबंध में कार्ययोजना को आगामी निर्णय तक लंबित रखा गया।

बैठक में सुरेश पाणीग्राही, डॉ. विनायक पाणीग्राही, संजय सतपथी, डॉ. आशीष दास, राकेश पाणीग्राही, अनिल पाढ़ी, रामकुमार पाढ़ी, अक्षय कुमार मिश्रा, सौरभ सतपथी सहित अन्य विप्रजन उपस्थित थे।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. पूर्णानंद मिश्र ने किया, जबकि अंत में अध्यक्ष सुरेन्द्र सामंतराय ने उपस्थित सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।

प्रखर मीडिया

सरायपाली, मह्समुन्द

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button