शासकीय अस्पताल में नि:शुल्क एचएलए कैंप संपन्न, 36 बच्चों व परिजनों के लिए गए सैंपल
आयुष साहू 9926141516

सिकल सेल और थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों को मिलेगा नि:शुल्क बोन मैरो ट्रांसप्लांट का अवसर
सरायपाली। सिकल सेल एनीमिया एवं थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों के बेहतर और स्थायी उपचार की दिशा में सरायपाली के स्वर्गीय मोहनलाल चौधरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नि:शुल्क एचएलए (HLA) मैचिंग कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में 36 बच्चों एवं उनके परिवारजनों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव के निर्देशानुसार तथा बसना एवं सरायपाली के बीएमओ डॉ. नारायण साहू के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर का संचालन शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. कुणाल नायक के निर्देशन में किया गया। कैंप का आयोजन बाल आयुष फाउंडेशन, रायपुर द्वारा किया गया।
शिविर में सिकल सेल एनीमिया और थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों तथा उनके परिवारजनों के एचएलए मैचिंग के लिए सैंपल लिए गए। जांच में जिन बच्चों के लिए उपयुक्त मैच मिलेगा, उनका बोन मैरो ट्रांसप्लांट नि:शुल्क कराया जाएगा। इससे इन गंभीर आनुवंशिक बीमारियों से पीड़ित बच्चों को स्थायी उपचार मिलने की उम्मीद है।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायपाली में पदस्थ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. कुणाल नायक की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने ऐसे मरीजों एवं उनके परिवारों से लगातार संपर्क बनाए रखते हुए उन्हें शिविर तक पहुंचाने और उपचार की प्रक्रिया से जोड़ने में विशेष सहयोग किया।
बाल आयुष फाउंडेशन के कोऑर्डिनेटर कमल साहू ने बताया कि शिविर में कुल 36 बच्चों एवं उनके परिवारजनों के सैंपल लिए गए हैं, जिन्हें आगे की जांच के लिए भेजा जाएगा। रिपोर्ट और मैचिंग के आधार पर पात्र बच्चों के नि:शुल्क उपचार की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
शिविर को सफल बनाने में चिरायु दल बसना एवं सरायपाली के चिकित्सक डॉ. जनक कुमार जेरी, डॉ. राजेश सिंह, डॉ. अनुपा दाश, डॉ. जयश्री दुतकामणी, डॉ. लोकेश साव, डॉ. कुलदीप प्रधान, फार्मासिस्ट भीष्म प्रताप राणा, एमएलटी उस्त पटेल, परमेश्वर सेन, एएनएम सुनीता साव एवं देवकी पटेल सहित बाल आयुष फाउंडेशन की टीम के कमल साहू, अमृता और ममता का विशेष योगदान रहा।



