प्रतिभा कॉलेज ऑफ एजुकेशन में नवप्रवेशित विद्यार्थियों का इंडक्शन सह स्वागत समारोह
आयुष साहू 9926141516

सरायपाली। प्रतिभा कॉलेज ऑफ एजुकेशन, बालसी (सरायपाली) में सोमवार, 21 सितंबर को नए सत्र के नवप्रवेशित बी.एड. एवं डी.एल.एड. छात्र-छात्राओं के लिए इंडक्शन सह वेलकम सेरेमनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. आभास अग्रवाल, डायरेक्टर प्रतिभा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट एवं महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापकों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। वरिष्ठ विद्यार्थियों ने नवागत विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
इंडक्शन सत्र के दौरान विद्यार्थियों को महाविद्यालय के अनुशासन, उपस्थिति नियम, लाइब्रेरी सुविधाओं, आंतरिक मूल्यांकन प्रक्रिया तथा वर्षभर आयोजित होने वाली अकादमिक एवं सह-पाठ्यचर्या गतिविधियों की जानकारी दी गई। साथ ही बी.एड. एवं डी.एल.एड. के प्रोग्राम आउटकम और कोर्स आउटकम के बारे में विस्तार से बताया गया।
संकाय सदस्यों ने विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षण विधियों, बाल मनोविज्ञान, कक्षा प्रबंधन एवं प्रभावी संचार कौशल के महत्व से अवगत कराया। बताया गया कि शिक्षक प्रशिक्षण का उद्देश्य केवल सैद्धांतिक ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को एक कुशल एवं जिम्मेदार शिक्षक के रूप में तैयार करना है।
मुख्य अतिथि डॉ. आभास अग्रवाल ने कहा कि शिक्षक केवल एक पेशा नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा ग्रुप का प्रयास विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ उच्च नैतिक मूल्यों, नवाचार और उत्कृष्ट शिक्षण कौशल से समृद्ध करना है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रशिक्षण काल में पूरी निष्ठा और लगन से सीखने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न मनोरंजक आइस-ब्रेकिंग गेम्स का आयोजन किया गया, जिसमें नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इससे महाविद्यालय परिसर में खुशनुमा एवं आपसी परिचय का माहौल बना।
कार्यक्रम के अंत में सहायक प्राध्यापक द्वारा आभार व्यक्त किया गया। उन्होंने मुख्य अतिथि, महाविद्यालय प्रबंधन, प्राध्यापकों, विद्यार्थियों एवं कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।



