बच्चों के समग्र विकास की दिशा में नई पहल, बसना में ‘संबल’ सेंटर का शुभारंभ आज
आयुष साहू 9926141516

न्यूरोलॉजिकल एवं विकासात्मक जरूरतों वाले बच्चों को एक ही छत के नीचे मिलेंगी रिहैबिलिटेशन और फिजियोथेरेपी सेवाएं
बसना। बच्चों की न्यूरोलॉजिकल एवं विकासात्मक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बसना में ‘संबल चाइल्ड न्यूरो डेवलपमेंट, रिहैबिलिटेशन एंड फिजियोथेरेपी सेंटर’ की शुरुआत की जा रही है। सेंटर का शुभारंभ 26 सितंबर की शाम 5 बजे पुरानी अशोक आयल मिल, जगदीशपुर रोड, बसना में होगा। यह पहल बच्चों को समग्र एवं संवेदनशील देखभाल उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
सेंटर का शुभारंभ डॉ. एन.के. अग्रवाल के जन्मदिवस के अवसर पर किया जा रहा है। डॉ. एन.के. अग्रवाल सेंटर के चेयरमैन तथा डॉ. रीता अग्रवाल डायरेक्टर हैं। सेंटर में बच्चों की न्यूरोलॉजिकल, विकासात्मक एवं पुनर्वास संबंधी आवश्यकताओं के लिए अर्ली इंटरवेंशन, मल्टीडिसिप्लिनरी रिहैबिलिटेशन एवं फिजियोथेरेपी जैसी सेवाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल होंगे। वहीं महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, सरायपाली विधायक चातुरी नंद, अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल चौहान सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं विशिष्ट अतिथि कार्यक्रम में शामिल होंगे।
सेंटर में बच्चों की जरूरत के अनुसार विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम में वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. सांवत अग्रवाल, बाल रिहैबिलिटेशन विशेषज्ञ डॉ. जयश्री त्रिवेदी तथा वरिष्ठ प्रमुख हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. एस.एस. पाढ़ी सहित अन्य विशेषज्ञों की उपस्थिति रहेगी।
आयोजकों के अनुसार ‘संबल’ का उद्देश्य बच्चों को समय पर आवश्यक हस्तक्षेप, पुनर्वास एवं संवेदनशील देखभाल उपलब्ध कराकर उनके विकास में सहयोग करना है। अग्रवाल मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल परिवार द्वारा आयोजित इस शुभारंभ कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।



