
225 महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण, 225 मरीजों को मिली निःशुल्क दवाइयां
सरायपाली। सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वर्गीय मोहनलाल चौधरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायपाली में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं और अभियानों के तहत बड़ी संख्या में लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला। इस दौरान 3534 लोगों का टीबी स्क्रीनिंग एवं पंजीयन, जबकि 225 महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. नारायण साहू, खंड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारी टीआर धृतलहरे एवं विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक शीतल सिंह के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न गतिविधियों के लिए चार स्टॉल लगाए गए थे।
महिलाओं की स्वास्थ्य जांच से योजनाओं का लाभ तक
‘स्वस्थ नारी, सशक्त अभियान’ के तहत लगाए गए प्रथम स्टॉल में 225 महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। दूसरे स्टॉल में पात्र हितग्राहियों के 25 आयुष्मान कार्ड और 17 वय वंदना कार्ड बनाए गए। तीसरे स्टॉल में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र के माध्यम से 225 मरीजों को दवाइयों का वितरण किया गया।
3534 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग
चौथे स्टॉल में ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ के तहत व्यापक स्तर पर पंजीयन एवं स्क्रीनिंग की गई। अभियान के दौरान 3534 लोगों का पंजीयन एवं टीबी स्क्रीनिंग की गई, जबकि 35 लोगों की एक्स-रे जांच कराई गई।
शिविर का उद्देश्य ग्रामीण एवं आमजन तक स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के साथ ही पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ दिलाना रहा। शिविर को सफल बनाने में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की स्वास्थ्य टीम एवं क्षेत्र की मितानिनों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मितानिनों ने ग्रामीणों को शिविर तक पहुंचाने, स्वास्थ्य जांच कराने तथा शासन की स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी देने में सहयोग किया।



