सरायपाली में “ऑपरेशन सिपाही रक्षासूत्र” : वीर जवानों के नाम बहनों ने भेजे रक्षासूत्र और भावनात्मक पत्र
आयुष साहू 9926141516

सरायपाली/महासमुंद। रक्षाबंधन पर्व से पहले महासमुंद जिले के सरायपाली विकासखंड में देशभक्ति और भाईचारे की अनूठी मिसाल देखने को मिली। “ऑपरेशन सिपाही रक्षासूत्र” के तहत महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने देश की सीमाओं पर तैनात वीर सैनिकों के लिए रक्षासूत्र और भावनाओं से भरे पत्र भेजे।
इस पहल के माध्यम से महिलाओं ने यह संदेश दिया कि सरहद पर देश की रक्षा में तैनात जवान भी उनके अपने भाई हैं और रक्षाबंधन के पावन अवसर पर उनकी कलाई सूनी न रहे। महिलाओं ने महिला एवं बाल विकास विभाग, सरायपाली को रक्षासूत्र और पत्र सौंपते हुए आग्रह किया कि इन्हें सीमा पर तैनात सैनिकों तक अवश्य पहुंचाया जाए।
महिला एवं बाल विकास विभाग, सरायपाली की प्रशासनिक अधिकारी दीक्षा बारीक ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि देश के सैनिक दिन-रात सीमाओं पर डटे रहते हैं, तभी देशवासी सुरक्षित जीवन जी पाते हैं। इन रक्षासूत्रों में बहनों का स्नेह, सम्मान, आशीर्वाद और राष्ट्रभक्ति समाहित है, जो निश्चित रूप से सैनिकों का मनोबल बढ़ाएगा।
उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी रक्षासूत्र और पत्र संबंधित माध्यम से देश की सीमाओं पर तैनात वीर जवानों तक पहुंचाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जो सैनिक अपने प्राणों की परवाह किए बिना मातृभूमि की रक्षा में जुटे हैं, उनके प्रति हर नागरिक के मन में सम्मान और कृतज्ञता का भाव होना चाहिए।
रक्षाबंधन के इस अवसर पर सरायपाली से शुरू हुई यह पहल पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है। यह अभियान केवल एक पर्व का उत्सव नहीं, बल्कि देश के वीर सपूतों के प्रति सम्मान, विश्वास और भावनात्मक एकजुटता का सशक्त संदेश भी है।



