Saraipali

78 हजार की नकबजनी का खुलासा, पड़ोसी समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

आयुष साहू 9926141516

24 घंटे के भीतर पुलिस ने सुलझाया मामला, 35,500 रुपये नकद और चोरी के पैसों से खरीदे कपड़े बरामद

महासमुंद। सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम पैकिन में घर से 78,300 रुपये नकद और मोबाइल चोरी के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने पड़ोसी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की रकम में से 35,500 रुपये नकद तथा चोरी के पैसों से खरीदे गए 3,475 रुपये कीमत के कपड़े बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, ग्राम पैकिन निवासी मिनकेतन मिश्रा ने 20 अगस्त को थाना सिंघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 19 अगस्त को कृषि कार्य के लिए मजदूरों के साथ खेत गया था। वापस लौटने पर घर में रखे 78,300 रुपये नकद और करीब 2,000 रुपये कीमत का मोबाइल फोन गायब मिला। प्रार्थी ने पड़ोसी लक्ष्यपाल उर्फ विजय झाकर पर संदेह जताया था।

रिपोर्ट पर थाना सिंघोड़ा में अपराध क्रमांक 92/26, धारा 305(A), 331(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने संदेही लक्ष्यपाल उर्फ विजय झाकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने दो साथियों जितेन्द्र यादव और दशरथ मुंडा के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।

आरोपियों ने पुलिस को बताया कि 19 अगस्त को जब मिनकेतन मिश्रा खेत गया था, तब तीनों उसके घर के पास पहुंचे। लक्ष्यपाल उर्फ विजय झाकर गेट से कूदकर घर के अंदर दाखिल हुआ, जबकि जितेन्द्र यादव और दशरथ मुंडा बाहर से आने-जाने वालों पर नजर रख रहे थे। कमरे का दरवाजा खुला होने के कारण आरोपी वहां से नकदी और मोबाइल लेकर फरार हो गए।

चोरी के बाद तीनों मोटरसाइकिल से छुईपाली शराब भट्ठी पहुंचे और शराब पी। इसके बाद विकास कपड़ा दुकान, सागरपाली जाकर चोरी की रकम से कपड़े खरीदे। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने चोरी की रकम आपस में बांट ली, जिसमें जितेन्द्र यादव और दशरथ मुंडा को 9-9 हजार रुपये दिए गए। लक्ष्यपाल ने चोरी किया मोबाइल तालाब में फेंकना बताया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 35,500 रुपये नकद, चोरी की रकम से खरीदे गए 3,475 रुपये कीमत के कपड़े तथा कपड़ों की रसीद बरामद की है। शेष रकम आरोपियों द्वारा खर्च कर दी गई।

अपराध स्वीकार करने के बाद तीनों आरोपियों को 21 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी:

1. लक्ष्यपाल उर्फ विजय झाकर, पिता कैलाश झाकर, उम्र 22 वर्ष।

2. जितेन्द्र यादव, पिता कन्हैया लाल यादव, उम्र 26 वर्ष।

3. दशरथ मुंडा, पिता दाउ मुंडा, उम्र 45 वर्ष, निवासी पैकिन, थाना सिंघोड़ा, जिला महासमुंद।

बरामद संपत्ति:

– 35,500 रुपये नकद।

– चोरी की रकम से खरीदे गए 3,475 रुपये कीमत के कपड़े एवं रसीद।

प्रखर मीडिया

सरायपाली, मह्समुन्द

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button