सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन चेकपोस्ट की विशेष कार्रवाई, 8 वाहनों पर चालानी कार्रवाई
आयुष साहू 9926141516

खम्हारपाली। परिवहन आयुक्त एस. प्रकाश के निर्देश एवं अपर परिवहन आयुक्त डी. रविशंकर के आदेशानुसार खम्हारपाली परिवहन चेकपोस्ट प्रभारी नरेंद्र साहू के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम ने सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाया।
अभियान के दौरान परिवहन चेकपोस्ट के आसपास स्थित ढाबों एवं मुख्य मार्गों पर सड़क किनारे खड़े वाहनों की जांच की गई। जांच में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 8 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई तथा 20 हजार रुपये समन शुल्क वसूल किया गया।
परिवहन विभाग की टीम ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए समझाइश दी कि सड़क किनारे अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा करने से दुर्घटना की आशंका बढ़ती है और यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है। वाहन चालकों से निर्धारित स्थान पर ही वाहन खड़ा करने तथा यातायात एवं सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की गई।
विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे। वाहन चालकों से नियमों का पालन कर स्वयं सहित अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की गई।


