पर्यावरण संरक्षण का संदेश लेकर एमएससी रसायन शास्त्र के विद्यार्थियों ने किया पौधरोपण
आयुष साहू 9926141516

सरायपाली। स्वर्गीय राजा वीरेंद्र बहादुर सिंह शासकीय महाविद्यालय सरायपाली में पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एमएससी प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर रसायन शास्त्र के विद्यार्थियों ने पौधरोपण किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने “वृक्ष लगाओ, वृक्ष बचाओ एवं एक पेड़ मां के नाम” थीम के तहत महाविद्यालय परिसर में फलदार एवं औषधीय पौधे रोपित किए।
कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य डॉ. संध्या भोई के निर्देशन तथा रसायन शास्त्र विभागाध्यक्ष शब्या पटेल के मार्गदर्शन में किया गया। वहीं अनिल गुप्ता, अक्षय कुमार साहू एवं पी. बाघ के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने पौधरोपण अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. संध्या भोई ने कहा कि पौधरोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण तैयार करने की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने विद्यार्थियों को लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में रसायन शास्त्र विभाग के अधिकारी-कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने पौधों की देखभाल और उनके संरक्षण का संकल्प भी लिया।



