सेवा संकल्प अभियान के प्रथम दिन विद्यालयों में जला ‘आशीर्वाद का दीया’
आयुष साहू 9926141516

सरायपाली। विकासखंड सरायपाली के विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में सेवा संकल्प अभियान के प्रथम दिवस गुरुवार को ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया गया। दीयों की रोशनी से विद्यालय परिसर जगमगा उठे। इस दौरान देश की समृद्धि और खुशहाली के लिए मंगलकामना की गई।
सेवा संकल्प अभियान के नोडल अधिकारी टीकमचंद पटेल, विकासखंड शिक्षा अधिकारी सरायपाली एवं सहायक नोडल अधिकारी टंकेश्वर जायसवाल, व्याख्याता शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गो सरायपाली के मार्गदर्शन में अभियान का क्रियान्वयन किया जा रहा है। अधिकारियों ने विद्यालयों एवं कार्यालयों में अभियान के कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 18 सितंबर को विद्यालयों में ‘सपनों का भारत’ विषय पर ड्राइंग प्रतियोगिता होगी। 19 सितंबर को ड्राइंग प्रदर्शनी एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
वहीं 28 सितंबर को प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक स्तर के विद्यार्थियों के लिए विकासखंड स्तरीय ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिता तथा 1 अक्टूबर को हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्तर के विद्यार्थियों के लिए विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता होगी। 3 अक्टूबर को सभी स्तर के विद्यार्थियों के लिए जिला स्तरीय ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, सामाजिक सरोकार एवं सेवा भावना विकसित करना तथा निर्धारित समय-सारणी के अनुसार सभी कार्यक्रमों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करना है।



