
पिथौरा, बसना और सरायपाली अंचल में कुल कार्यकारिणी सभा के पदाधिकारियों ने की बैठक, नौ दिनों तक धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर बनी सहमति
सरायपाली। बाबा बिशासहे कुल कोलता समाज की कुल कार्यकारिणी सभा के पदाधिकारियों ने आंचलिक सभा पिथौरा, बसना एवं सरायपाली का दौरा कर आगामी शारदीय नवरात्र, रामचंडी दिवस एवं मनोकामना ज्योत आयोजन को लेकर बैठक की। बैठक का आयोजन पिथौरा अंचल के सामाजिक भवन सांकरा, बसना के सामाजिक भवन तथा सरायपाली के रामचंडी भवन झिलमिला में किया गया। बैठक की शुरुआत मां रामचंडी की पूजा-अर्चना के साथ हुई।
बैठक में पिछले वर्ष ग्राम रोहिना में आयोजित नुआखाई मिलन समारोह तथा इस वर्ष बम्हनी में हुए नुआखाई मिलन समारोह की सफलता के लिए समाजजनों का आभार जताया गया। महामंत्री मथामणी बढ़ाई ने बताया कि शारदीय नवरात्र को भव्य रूप से मनाया जाएगा। मंदिर परिसर में नौ दिनों तक भजन, कीर्तन, भागवत कथा सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने की रूपरेखा पर चर्चा की गई। कार्यक्रम को और बेहतर बनाने के लिए समाज के पदाधिकारियों एवं समाजजनों से सुझाव भी मांगे गए।
मंदिर समिति अध्यक्ष चंद्रकांत भोई ने मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की जानकारी देते हुए श्रद्धालुओं की बढ़ती आस्था को देखते हुए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। बैठक में नौ दिनों तक मां के दरबार में मनोकामना ज्योत प्रज्ज्वलित करने का निर्णय लिया गया। इसके लिए रसीद बुक के माध्यम से दान राशि एकत्रित की जाएगी तथा शाखा सभापतियों को रसीद बुक का वितरण किया गया।
कुल कार्यकारिणी अध्यक्ष गिरधारी साहू ने कहा कि समाजजनों के सुझाव और आकांक्षाओं के अनुरूप इस वर्ष भी आश्विन शुक्ल चतुर्दशी के अवसर पर रामचंडी दिवस पर वृहद सामाजिक सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में मुख्यमंत्री सहित अन्य जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया। इस अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना के बाद प्रसाद एवं भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा।
बैठक में कुल कार्यकारिणी संरक्षक हरिचरण प्रधान, अध्यक्ष गिरधारी साहू, महामंत्री मथामणी बढ़ाई, उपाध्यक्ष प्रवीण भोई, सचिव ललित कुमार साहू, रंकमणि प्रधान, कोषाध्यक्ष विशम्भर प्रधान, अंकेक्षक नंदलाल प्रधान, छत्तीसगढ़ प्रदेश कोलता समाज उपाध्यक्ष नंदकिशोर भोई, कार्यकारिणी सदस्य किशोर कुमार भोई सहित पिथौरा, बसना एवं सरायपाली अंचल के पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे।
उक्त जानकारी कुल कार्यकारिणी मीडिया प्रभारी कमलेश साहू ने दी।



