Raipur

गांधी जयंती पर रायपुर में गूंजा सर्वधर्म प्रार्थना का संदेश, 10 हजार स्काउट-गाइड ने दिया एकता और सद्भाव का संदेश

आयुष साहू 9926141516

शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के मुख्य आतिथ्य एवं राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा की अध्यक्षता में हुआ भव्य आयोजन

भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ की आधिकारिक वेबसाइट और वार्षिक पत्रिका ‘प्रयास’ का विमोचन

रायपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ राज्य मुख्यालय, रायपुर द्वारा 2 अक्टूबर को स्व. बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में भव्य सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। समारोह में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे करीब 10 हजार स्काउट-गाइड, रोवर एवं रेंजर शामिल हुए। आयोजन ने धर्म, भाषा और संस्कृति की विविधता के बीच एकता, सेवा, सद्भाव और परस्पर सम्मान का संदेश दिया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के शिक्षा मंत्री एवं भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष गजेंद्र यादव मुख्य अतिथि रहे, जबकि राज्यसभा सांसद एवं राज्य उपाध्यक्ष लक्ष्मी वर्मा ने अध्यक्षता की। राज्य मुख्य आयुक्त इंदरजीत सिंग खालसा के मार्गदर्शन में आयोजित समारोह में रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, राज्य भंडार निगम अध्यक्ष चंदूलाल साहू, बीज निगम अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, बाल संरक्षण आयोग अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा, अल्पसंख्यक आयोग अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा, वनस्पति पादप बोर्ड उपाध्यक्ष अंजय शुक्ला सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके बाद अतिथियों का स्कार्फ पहनाकर स्वागत किया गया। सर्वधर्म प्रार्थना सभा में विभिन्न धर्मों की प्रार्थनाओं का सामूहिक गायन किया गया। धर्मगुरुओं एवं उनके प्रतिनिधियों की मौजूदगी में आयोजित इस कार्यक्रम ने मानवता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।

स्काउटिंग को आधुनिक तकनीक से जोड़ने पर जोर

राज्य मुख्य आयुक्त इंदरजीत सिंग खालसा ने कहा कि पिछले एक वर्ष में छत्तीसगढ़ में स्काउटिंग के क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। संगठन की गतिविधियों, उपलब्धियों और सूचनाओं को व्यापक स्तर तक पहुंचाने के लिए भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ की आधिकारिक वेबसाइट तैयार की गई है।

मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि भारतीय संस्कृति सभी के कल्याण की भावना पर आधारित है। ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः’ का संदेश हमारी परंपरा का आधार है। स्काउट-गाइड शिविरों और कार्यक्रमों के समापन पर सर्वधर्म प्रार्थना की परंपरा इसी भावना को मजबूत करती है।

उन्होंने स्काउट-गाइड विद्यार्थियों से अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाने और अपने आचरण से दूसरों को भी प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने प्रत्येक स्काउट-गाइड से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने की अपील की। साथ ही स्काउटिंग की प्रतिज्ञा एवं नियमों को जीवन में आत्मसात कर समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की प्रेरणा दी।

अध्यक्षता कर रहीं राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही साकार हो सकता है। इसके लिए प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना होगा।

वेबसाइट और ‘प्रयास’ पत्रिका का विमोचन

समारोह के दौरान भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ की आधिकारिक वेबसाइट का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही संगठन की प्रथम वार्षिक पत्रिका ‘प्रयास’ का भी विमोचन हुआ।

सर्वधर्म प्रार्थना में बौद्ध धर्म से भीक्खु एस. धम्मसेवक थेरो, हिंदू धर्म से आचार्य पंडित सच्चिदानंद तिवारी, सिख धर्म से हरकिशन सिंह राजपूत, जैन धर्म से अभय कुमार भंसाली तथा ईसाई धर्म से डॉ. जॉन पोनेरो सहित विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। छत्तीसगढ़ सिख समाज के प्रदेश अध्यक्ष सुखबीर सिंह सिंघोत्रा भी उपस्थित रहे।

नशामुक्त भारत का लिया संकल्प

कार्यक्रम में उपस्थित स्काउट-गाइड, रोवर एवं रेंजर ने अतिथियों के नेतृत्व में नशामुक्त भारत अभियान के तहत नशे से दूर रहने और समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने की शपथ ली। प्रतिभागियों ने स्वस्थ, जागरूक एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।

आयोजन को सफल बनाने में कार्यक्रम प्रभारी शैलेन्द्र मिश्रा, राज्य संगठन आयुक्त (स्का.) अमित क्षत्रिय, राज्य संगठन आयुक्त (गा.) जलवती साहू, राज्य प्रशिक्षण आयुक्त (स्का.) डॉ. पूनम सिंह साहू, राज्य प्रशिक्षण आयुक्त (गा.) सरिता पांडे सहित कमलेश साहू, अवधेश विश्वकर्मा, भोपाल कुम्हार, दिलीप पटेल, किरण चंद्राकर, मितेन गणवीर, रघुनंदन यादव, भावेश चंद्राकर, अभय सिंह, सुषमा राठौर, रेणुका वर्मा, रुखसार, प्रतिभा, वजीर खान, भावेश, ललित, महेंद्र शर्मा, नरेश और रवि सहित अनेक कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा।

कार्यक्रम का संचालन जगदीश साहू एवं भारती दुबे ने किया। संयुक्त सचिव वीना यादव ने आभार व्यक्त करते हुए अतिथियों, धर्मगुरुओं, आयोजन समिति, अधिकारियों-कर्मचारियों तथा प्रदेशभर से पहुंचे सभी स्काउट-गाइड, रोवर एवं रेंजर के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

प्रखर मीडिया

सरायपाली, मह्समुन्द

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button