वंदे मातरम्’ के जयघोष से गूंजा महाविद्यालय परिसर, निकाली गई भव्य तिरंगा रैली
आयुष साहू 9926141516

विचार गोष्ठी में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं कर्तव्यबोध का दिया संदेश, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में प्राध्यापकों व विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्स
सरायपाली। स्व. राजा वीरेंद्र बहादुर सिंह शासकीय महाविद्यालय, सरायपाली में प्राचार्य डॉ. संध्या भोई के मार्गदर्शन में ‘वंदे मातरम्’ कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न राष्ट्रभक्ति एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर से भव्य तिरंगा रैली निकाली गई, जिसमें प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ सहभागिता की।
हाथों में तिरंगा लेकर विद्यार्थियों ने राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत नारों के साथ नगरवासियों में राष्ट्रीय एकता, देशप्रेम एवं राष्ट्र के प्रति सम्मान का संदेश दिया। रैली के दौरान अनुविभागीय अधिकारी सरायपाली मनोज कुमार खांडे ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। कार्यक्रम में नायब तहसीलदार हरिप्रसाद भोई सहित नगर के गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।
विचार गोष्ठी में राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर जोर
कार्यक्रम के अंतर्गत विचार गोष्ठी का भी आयोजन किया गया। गोष्ठी में विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी रूपेश कुमार उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रप्रेम केवल भावनाओं और नारों तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने कर्तव्यों का ईमानदारीपूर्वक निर्वहन करना, समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाना तथा देश की एकता और अखंडता को मजबूत करना ही सच्ची देशभक्ति है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर ‘वंदे मातरम्’ के ऐतिहासिक महत्व, स्वतंत्रता आंदोलन में इसकी भूमिका तथा राष्ट्रीय चेतना के निर्माण में इसके योगदान पर भी वक्ताओं ने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ भारतीय जनमानस में मातृभूमि के प्रति प्रेम, सम्मान, त्याग और समर्पण की भावना जागृत करने वाला अमर राष्ट्रगीत है।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान में लिया संकल्प
कार्यक्रम की श्रृंखला में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत भी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों ने अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए नागरिकों में तिरंगे के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना जागृत करने का संदेश दिया।
प्राचार्य डॉ. संध्या भोई ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रीय एकता की भावना को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र के विकास में सकारात्मक भूमिका निभाते हुए एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों का ईमानदारीपूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान महाविद्यालय परिसर ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष और तिरंगे के गौरव से सराबोर रहा।



