
सरायपाली। शासकीय आदिवासी कन्या आश्रम डूडुमचुंवाँ में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर शाला विकास प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक प्रधान पाठक कु. अंजनी चौहान एवं अधीक्षिका नीतू पटेल के निर्देशन में हुई। इस दौरान आश्रम में ध्वजारोहण, प्रभात फेरी एवं मंचीय कार्यक्रम के आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। वहीं शासन से प्राप्त गणवेश का वितरण सभी विद्यार्थियों को किया गया।
शिक्षक सुंदर लाल डडसेना ने बताया कि बैठक में समिति के सदस्यों, पालकों एवं पंचायत प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया था। इस दौरान जवाहर नवोदय विद्यालय, एकलव्य आवासीय विद्यालय एवं जवाहर उत्कर्ष विद्यालय में प्रवेश संबंधी जानकारी दी गई। साथ ही लंबे समय से अनुपस्थित विद्यार्थियों को पुनः स्कूल की मुख्यधारा से जोड़ने, शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा बच्चों के जाति, निवास, आधार एवं अपार आईडी से संबंधित दस्तावेजों को पूर्ण कराने पर चर्चा हुई।
बैठक में ‘एक पेड़ मां के नाम 2.0’ कार्यक्रम के तहत वृक्षारोपण, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति की बालिकाओं के छात्रवृत्ति हेतु बैंक खाता खुलवाने तथा स्वतंत्रता दिवस समारोह में सभी की सहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर शाला विकास प्रबंधन समिति अध्यक्ष इन्द्रमणि साहू, उपाध्यक्ष लक्ष्मी प्रसाद यादव, पंचायत प्रतिनिधि फत्तेलाल साहू, शिक्षाविद् शांति साहू, पालक सदस्य लक्ष्मीचरण राठिया, रामप्रसाद बरिहा, गोविंदा मानिकपुरी, राजेश, झनकराम सिदार, कार्तिकराम, देवराज, सुनाउ, सरवन, नित्यानंद, रामसाय, गोपीका, एतवारा एवं केवराबाई सहित प्रधान पाठक कु. अंजनी चौहान, अधीक्षिका नीतू पटेल, डिंगर दास वैष्णव, सुंदर लाल डडसेना, पुनम सिदार, मीरा जगत, पिरोबती सागर, सुशीला जायसवाल एवं प्रियंका साव उपस्थित रहे।



