
सरायपाली। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दुलारपाली में शैक्षणिक एवं सहशैक्षणिक गतिविधियों के प्रभावी संचालन तथा विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन एवं उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने के उद्देश्य से छात्रसंघ निर्वाचन एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया।
निर्वाचन प्रक्रिया में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपने प्रतिनिधियों का चयन किया। निर्वाचन में कमलेश साव शाला नायक, सचिन साहू उपशाला नायक, परी वैष्णव सांस्कृतिक प्रभारी, नूतन साहू छात्र प्रतिनिधि, टिकेश्वर सिदार क्रीड़ा सचिव, हर्ष साहू प्रार्थना एवं अनुशासन प्रभारी, रूपा यादव स्वच्छता प्रभारी, धनेश्वरी बघेल पेयजल प्रभारी, दीपक मांझी बागवानी प्रभारी, डिंपल जगत स्वास्थ्य प्रभारी तथा गोपिका साहू खोया-पाया प्रभारी निर्वाचित हुए। इसके साथ ही विभिन्न कक्षाओं के कप्तान एवं उपकप्तानों का भी चयन किया गया।
निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को विद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेलकूद एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने के साथ ही विद्यालय में अनुशासन, स्वच्छता, सहयोग एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य प्रेमानन्द भोई ने शाला नायक कमलेश साव एवं सांस्कृतिक प्रभारी परी वैष्णव को पद, गोपनीयता एवं अनुशासन की शपथ दिलाई। इसके बाद सांस्कृतिक प्रभारी परी वैष्णव ने सभापति की भूमिका निभाते हुए सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई।
इस अवसर पर प्राचार्य एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने नवनिर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को शुभकामनाएँ देते हुए उन्हें अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में छात्रसंघ प्रभारी कृष्ण कुमार नायक, नोडल अधिकारी उपेंद्र बुड़ेक, टेकलाल पटेल, मतदान अधिकारी रोहित कुमार साहू, अंजली पटेल, रूपधर पटेल, कविता पटेल एवं सुशांत प्रधान का विशेष योगदान रहा। शपथ ग्रहण समारोह का संचालन एनएसएस प्रभारी कृष्ण कुमार नायक ने किया।



