स्व. राजा वीरेंद्र बहादुर सिंह शासकीय महाविद्यालय सरायपाली के हिंदी विभाग में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया शिक्षक दिवस
आयुष साहू 9926141516

सरायपाली। स्व. राजा वीरेंद्र बहादुर सिंह शासकीय महाविद्यालय सरायपाली के हिंदी विभाग में विगत 5 सितंबर 2026 को स्नातकोत्तर हिंदी के विद्यार्थियों द्वारा शिक्षक दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महान शिक्षाविद् एवं भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन तथा माता सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्य एवं हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. संध्या भोई, सहायक प्राध्यापक डॉ. चंद्रिका चौधरी एवं श्री अनिल तांडी उपस्थित रहे।
शिक्षक दिवस के अवसर पर विभागाध्यक्ष डॉ. संध्या भोई ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए जीवन में संघर्ष के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवनभर सीखने की प्रवृत्ति बनाए रखने तथा निरंतर प्रयास करते रहने की प्रेरणा दी।
सहायक प्राध्यापक डॉ. चंद्रिका चौधरी ने सफलता की विभिन्न परिभाषाओं के माध्यम से विद्यार्थी जीवन के अनेक आयामों को समझाया तथा विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभाशीष प्रदान किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के सम्मान में भाषण, कविता एवं कबीर के दोहों सहित विभिन्न साहित्यिक प्रस्तुतियां दीं। स्नातकोत्तर तृतीय सेमेस्टर के छात्र प्रभात सिदार ने कार्यक्रम का सफल मंच संचालन किया।
कक्षा प्रतिनिधि उजाला स्वाई ने कविता के माध्यम से गुरु की महिमा का भावपूर्ण वर्णन किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में हिंदी विभाग के विद्यार्थियों उमेश, झरना, पूजा, रीना, कंचन, तारा, अजय, दिलीप सहित अन्य विद्यार्थियों का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम के अंत में मनीष दीप ने उपस्थित सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया, जिसके साथ शिक्षक दिवस समारोह का सफलतापूर्वक समापन हुआ।



