
सरायपाली। स्व. राजा वीरेंद्र बहादुर सिंह शासकीय महाविद्यालय, सरायपाली के हिंदी विभाग में सत्र 2026-27 के लिए हिंदी साहित्य परिषद् का गठन एवं शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी साहित्य के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ भाषा-संवर्धन, रचनात्मकता, वाक्शक्ति एवं संगठन क्षमता का विकास करना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात चयनित पदाधिकारियों को महाविद्यालय की प्राचार्य एवं हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. संध्या भोई ने परिषद् की शपथ दिलाई।
परिषद् में अध्यक्ष उजाला स्वांई, उपाध्यक्ष रीना साव, सचिव मनीष दीप, सहसचिव कामिनी प्रधान, कोषाध्यक्ष झरना भोई, सांस्कृतिक प्रभारी प्रभात सिंह सिदार तथा साहित्यिक प्रभारी तारा प्रधान चुने गए। कार्यकारिणी सदस्य के रूप में उमेश कैवर्त, सरोज निषाद, अजय कुमार बारीक, अमिषा प्रधान, पुनीत लाल साहू, अंकिता विशाल, चूड़ामणि जगत, लिशा, सौरभ एवं दिव्या बंजारे का चयन किया गया।
इस अवसर पर प्राचार्य एवं विभागाध्यक्ष डॉ. संध्या भोई ने कहा कि हिंदी साहित्य परिषद् विद्यार्थियों की साहित्यिक चेतना, रचनात्मक अभिरुचि और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त मंच है। उन्होंने परिषद् से पूरे सत्र में वाद-विवाद, काव्यपाठ, निबंध, भाषण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में योगदान देने की अपेक्षा व्यक्त की।
सहायक प्राध्यापक डॉ. चंद्रिका चौधरी ने परिषद् को हिंदी साहित्य और समाज के बीच सेतु बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से विद्यार्थी हिंदी साहित्य की समृद्ध परंपरा से जुड़ेंगे तथा उनमें सामाजिक संवेदनशीलता का विकास होगा। वहीं श्री अनिल कुमार ने कहा कि परिषद् विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के साथ उनके आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति को नई दिशा देने का कार्य करेगी।
अंत में सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने परिषद् की गरिमा बनाए रखने तथा साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को सक्रिय रूप से संचालित करने का संकल्प लिया।



