
ग्राम रोहिना में ग्रामीणों ने भी जलाया आशीर्वाद का दीप
सरायपाली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर देशभर में आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत शहरों से लेकर गांवों तक विभिन्न सेवा एवं जनसरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में ग्राम रोहिना में हाई स्कूल, प्राथमिक शाला, पंचायत भवन एवं बजरंग बली मंदिर के समक्ष ग्रामीणों, शिक्षकों, छात्रों एवं जनप्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए आशीर्वाद का दीप जलाया।
ग्रामीणों ने अपने-अपने घरों के सामने भी दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान गांव में उत्साह का माहौल रहा और दीपों की रोशनी से गलियां जगमगा उठीं।
इस अवसर पर नेपाल साहू ने कहा कि जन्मदिन को केवल उत्सव के रूप में मनाने के बजाय सेवा एवं जनकल्याण के संकल्प से जोड़ना समाज के लिए सकारात्मक संदेश देता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जलाया गया यह दीप उनके प्रति शुभकामना और विश्वास का प्रतीक है।
सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से ग्रामीणों ने समाज एवं राष्ट्रहित में अपनी सहभागिता निभाने का संकल्प लिया। दीप प्रज्वलन के दौरान ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।



