अग्रसेन जयंती पर 11 अक्टूबर को निकलेगी भव्य शोभायात्रा, कई प्रतियोगिताओं के साथ होगा चौथी पीढ़ी का सम्मान
आयुष साहू 9926141516

ध्वजारोहण से शुरू होगा महोत्सव, मशाल दौड़ और बाइक रैली भी होगी आकर्षण का केंद्र; 10 अक्टूबर को निकलेगी कार रैली
सरायपाली। अग्रवाल सभा सरायपाली की ओर से रविवार, 11 अक्टूबर को श्री अग्रसेन जयंती महोत्सव का आयोजन अग्रकुंज, सरायपाली में किया जाएगा। महोत्सव के दौरान ध्वजारोहण, मशाल दौड़, पूजा-अर्चना, चौथी पीढ़ी का सम्मान, बाइक रैली, भव्य शोभायात्रा, सभा एवं पुरस्कार वितरण सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बेमेतरा के एसपी त्रिलोक बंसल शामिल होंगे, जबकि महावीर अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजन संपन्न होगा। महोत्सव को लेकर अग्रवाल समाज में खासा उत्साह है।
ध्वजारोहण से होगी कार्यक्रम की शुरुआत
महोत्सव की शुरुआत सुबह 7:55 बजे अग्रवाल सभा अध्यक्ष अजय अग्रवाल द्वारा ध्वजारोहण के साथ होगी। सुबह 8:20 बजे अग्रवाल नवयुवक संघ के अध्यक्ष प्रथम अग्रवाल के नेतृत्व में मशाल दौड़ निकाली जाएगी। सुबह 8:55 बजे कैलाश चंद्र अग्रवाल, विजय अग्रवाल एवं अयोध्या प्रसाद अग्रवाल के नेतृत्व में अग्रसेन महाराज की पूजा-अर्चना होगी। इसके बाद सुबह 9:55 बजे अग्रसेन चौक में सभा के सचिव सेवा शंकर अग्रवाल द्वारा पूजा की जाएगी।
सुबह 10 बजे राधेश्याम अग्रवाल एवं कैलाश अग्रवाल के नेतृत्व में समाज की चौथी पीढ़ी के सदस्यों का सम्मान किया जाएगा। सुबह 10:30 बजे अग्रवाल नवयुवक संघ की ओर से बाइक रैली निकाली जाएगी। इसके बाद दोपहर 3:30 बजे अग्रवाल सभा के नेतृत्व में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में समाज के लोग उत्साहपूर्वक शामिल होंगे। अग्रवाल धर्मशाला में दोपहर 3 से 4 बजे तक स्वल्पाहार की व्यवस्था भी रहेगी।
10 अक्टूबर को कार रैली, 11 अक्टूबर को भंडारा
अग्रसेन जयंती महोत्सव के तहत शनिवार, 10 अक्टूबर को शाम 5 बजे अग्रवाल नवयुवक संघ की ओर से कार रैली निकाली जाएगी। वहीं, रविवार 11 अक्टूबर को शाम 7 बजे सभा एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित होगा। रात 8 से 10 बजे तक अग्रकुंज, सरायपाली में अग्रसेन महाराज के भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
प्रतिष्ठान बंद रखने और घरों के सामने दीप जलाने की अपील
अग्रवाल सभा अध्यक्ष अजय अग्रवाल, महिला मंडल अध्यक्ष कुसुम अग्रवाल एवं नवयुवक संघ अध्यक्ष प्रथम अग्रवाल ने समाज के सभी लोगों से महोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने अग्रसेन जयंती के दिन समाज के सभी प्रतिष्ठान बंद रखने तथा शाम को अपने-अपने घरों के सामने दीप जलाकर उत्सव को भव्य बनाने का आग्रह किया है।



