प्रतिभा कॉलेज में एड्स जागरूकता कार्यक्रम, विद्यार्थियों ने निकाली रैली
आयुष साहू 9926141516

एचआईवी संक्रमित लोगों से भेदभाव नहीं करने का दिया संदेश, 1097 हेल्पलाइन की दी जानकारी
बालसी/सरायपाली। प्रतिभा कॉलेज ऑफ एजुकेशन, बालसी में सघन जागरूकता अभियान (Intensified IEC Campaign) के तहत एचआईवी/एड्स नियंत्रण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने जागरूकता रैली निकालकर लोगों को एचआईवी/एड्स से बचाव, रोकथाम और सामाजिक भेदभाव समाप्त करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में शासकीय अस्पताल के ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक खीरसागर पटेल, सरोज ध्रुव, सुपरवाइजर डी. फ्रांसिस एवं काउंसलर हेमचंद मांझी उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को एचआईवी संक्रमण के कारण, बचाव के उपाय, समय पर जांच, उपचार एवं परामर्श की जानकारी दी।
महाविद्यालय के प्राचार्य आर.के. चौधरी ने कहा कि एचआईवी/एड्स के प्रसार को रोकने के लिए जागरूकता सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव या सामाजिक कलंक नहीं होना चाहिए। विद्यार्थियों से उन्होंने जागरूकता का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया।
1097 हेल्पलाइन और एचआईवी एक्ट की दी जानकारी
अभियान के दौरान विद्यार्थियों को एचआईवी/एड्स एक्ट 2017, टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1097, एचआईवी जांच की आवश्यकता तथा जोखिम आकलन के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही QR कोड स्कैन कर जोखिम आकलन करने तथा स्वास्थ्य विभाग के विश्वसनीय माध्यमों से सही जानकारी प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों एवं उपस्थितजनों को एचआईवी/एड्स की रोकथाम, जागरूकता फैलाने और संक्रमित व्यक्तियों के साथ भेदभाव नहीं करने की शपथ दिलाई गई। इसके बाद विद्यार्थियों ने जागरूकता रैली निकाली और विभिन्न नारों के माध्यम से लोगों को एचआईवी/एड्स से बचाव के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्राचार्य आर.के. चौधरी, महाविद्यालय के शिक्षकों एवं समस्त छात्र-छात्राओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।



