सिमरन पैलेस में शस्त्र पूजा और गरबा उत्सव की धूम, गरबा क्वीन बनीं ज्योति बाघ और दिव्या सेन
आयुष साहू 9926141516

दुर्गावाहिनी के आयोजन में दिखा नारी शक्ति, धार्मिक आस्था और भारतीय संस्कृति का संगम, माता के जयकारों से गूंजा परिसर
सरायपाली। धार्मिक आस्था, शक्ति उपासना और भारतीय संस्कृति के संरक्षण के उद्देश्य से दुर्गावाहिनी के तत्वावधान में सिमरन पैलेस में शस्त्र पूजा एवं गरबा उत्सव 2026 का भव्य आयोजन किया गया। विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुए इस कार्यक्रम में महिलाओं, युवतियों और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। माता के जयकारों और पारंपरिक गरबा गीतों की गूंज के बीच पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
कार्यक्रम में धार्मिक परंपराओं के साथ नारी शक्ति, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली। शस्त्र पूजा के माध्यम से शक्ति, साहस और आत्मसम्मान का संदेश दिया गया, वहीं गरबा नृत्य ने उत्सव में चार चांद लगा दिए। पारंपरिक गरबा गीतों पर प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ नृत्य कर दर्शकों का मन मोह लिया।
गरबा क्वीन 2026 प्रतियोगिता रही आकर्षण का केंद्र
उत्सव का प्रमुख आकर्षण गरबा क्वीन 2026 प्रतियोगिता रही। इसमें ज्योति बाघ एवं दिव्या सेन विजेता रहीं। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों का उत्साह देखते ही बना। आयोजन ने महिलाओं और युवतियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही भारतीय लोक संस्कृति से जुड़ने का अवसर प्रदान किया।
अतिथियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में रामावतार हॉस्पिटल से डॉ. शैलेश अग्रवाल एवं डॉ. संजय अग्रवाल, सिमरन पैलेस से डॉ. विपिन गडरिया, आशीर्वाद ब्लड बैंक से सोनू पटेल, जुनून कैफे से पीयूष साहू, महाराज फोटो से मयंक पाणिग्रही, वैदिक साउंड से शेषाचार्य महाराज तथा ग्राम पंचायत जोगनीपाली की सरपंच श्रीमती सस्मिता जयप्रकाश साहू अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यकर्ताओं के सहयोग से सफल हुआ आयोजन
कार्यक्रम प्रभारी एवं जिला संयोजिका श्रीमती अनिता चौधरी, संचालन प्रभारी नमिता साहू, दुर्गावाहिनी जिला संयोजिका ललिता सिदार तथा प्रखंड संयोजिका विमला नंद की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दुर्गावाहिनी की कार्यकर्ताओं खुशी पटेल, पूनम पटेल, पिंकी पटेल, मुस्कान गुप्ता एवं उमा पटेल ने आयोजन की व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
कार्यक्रम का संचालन राजू दास ने किया, जबकि सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी गुड्डू जायसवाल ने संभाली। बजरंग दल से प्रखंड ग्रामीण रोहित शर्मा, रूपेश सिदार, दुजे भट्ट, युवराज भोई, अविचल पाणिग्रही, रिंकल प्रधान एवं नोबी सुमित सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भी आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दिया।
कार्यक्रम के अंत में श्रीमती अनिता चौधरी ने अतिथियों, सहयोगियों एवं सभी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
संस्कृति और नारी शक्ति का संदेश
दुर्गावाहिनी का यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ भारतीय संस्कृति, नारी शक्ति और सामाजिक एकजुटता को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा। पारंपरिक उत्सव के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने तथा समाज में सांस्कृतिक चेतना जागृत करने का संदेश दिया गया।



