MahasamundUncategorized

सरपंच के कथित शुद्धिकरण मामले में सर्व समाज ने कलेक्टर-एसपी को सौंपा ज्ञापन

आयुष साहू 9926141519

सरायपाली। विकासखंड के ग्राम पंचायत किसड़ी में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सरपंच नीलमणि रात्रे के साथ कथित जातिगत भेदभाव और शुद्धिकरण किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के विरोध में सर्व अनुसूचित जाति समाज के पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों ने शुक्रवार को एकजुट होकर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की तथा पंचायत सचिव के खिलाफ कड़ी प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई की मांग की। मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर भी विरोध के स्वर उठ रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, 15 अगस्त को ग्राम पंचायत किसड़ी में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। आरोप है कि ध्वजारोहण से पहले पंचायत सचिव पृथ्वीराज भोई सहित कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से तुलसी जल छिड़ककर सरपंच का शुद्धिकरण किया गया। घटना के बाद मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद समाज में आक्रोश फैल गया।

समाज के प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि निर्वाचित सरपंच को सार्वजनिक रूप से अपमानित करना गंभीर मामला है। उन्होंने पंचायत सचिव पृथ्वीराज भोई को तत्काल बर्खास्त करने तथा उनके खिलाफ एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज करने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर और एसपी से मामले की निष्पक्ष एवं गंभीरता से जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई का भरोसा मांगा। समाज के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।

इस दौरान दिनेश बंजारे, रेखराम बघेल, देवेंद्र रौतिया, तुलसी साहू, विजय बंजारे, युगांत मिरी सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी, नागरिक एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर सर्व समाज ने प्रशासन के समक्ष अपनी बात रखी है।

प्रखर मीडिया

सरायपाली, मह्समुन्द

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button